BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में सीसीएल विद्या सारथी का हुआ उद्घाटन


इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में डीएवी पब्लिक स्कूल, रजरप्पा में सीसीएल विद्या सारथी दो वर्षीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के तहत इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। डीएवी रजरप्पा के प्राचार्य डॉ. आरके साहू ने सीसीएल रजरप्पा के एसओपी रामानुज प्रसाद एवं सीएसआर के नोडल पदाधिकारी आशीष झा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

10 केंद्रों पर 400 विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

योजना के तहत रजरप्पा क्षेत्र के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। कुल 10 केंद्रों पर अधिकतम 400 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की योजना है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को इस पहल से लाभ मिलने की उम्मीद है। सीसीएल विद्या सारथी के तहत अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक शनिवार और रविवार को ऑफलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विद्यार्थियों को विषयवार शिक्षण, मार्गदर्शन और इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

चयन परीक्षा के बाद मिला अवसर

निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 2 अगस्त 2026 को चयन परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को अब कार्यक्रम के तहत निःशुल्क शिक्षा एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। उद्घाटन के बाद भौतिकी विषय की कक्षा रूपम पॉल द्वारा संचालित की गई, जिसमें करीब 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा में सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा, राज बल्लभ हाई स्कूल चितरपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल रजरप्पा एवं चितरपुर कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए।