भागवत कथा हमें परमात्मा से जोड़ती है : आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी
वृंदावन भोग की नहीं, भगवान की भूमि है, कथा श्रवण से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का होता है जागरण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। जिमखाना क्लब एवं रिसॉर्ट में रुंगटा परिवार के सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्य यजमान माया रूंगटा, उनके पुत्र अभिषेक, आलोक व आशीष रूंगटा ने सपरिवार व्यासपीठ का पूजन कर कथा व्यास आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी का चंदन-वंदन एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। रांची से पहुंचे स्व रामचंद्र रूंगटा के बड़े भाई रामस्वरूप रूंगटा सहित दीपक रूंगटा और सुशील रूंगटा ने भी आचार्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। आचार्य ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर आशीर्वाद दिया। बांके बिहारी जी की आरती के साथ कथा का शुभारंभ हुआ।
वृंदावन भोग की नहीं, भगवान की भूमि
कथा व्यास आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए वृंदावन के निधिवन तथा राधा-कृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि वृंदावन भोग की भूमि नहीं, बल्कि भगवान की भूमि है। वहां भगवान स्वयं विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्ग में पुण्य फल मिलता है, जबकि वृंदावन में प्रेम फल की प्राप्ति होती है। वृंदावन की आध्यात्मिक महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान की भक्ति में स्वयं को समर्पित करने का आह्वान किया।
भक्ति के साथ ज्ञान और वैराग्य जरूरी
आचार्य ने नारद जी के प्रसंग के माध्यम से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि चतुराई छोड़कर मन, वचन और कर्म से भगवान का भजन करने वाला ही सच्चे प्रेम का अनुभव कर सकता है। उन्होंने कहा कि दान और यज्ञ शुभ कर्म हैं, जबकि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन और उसका श्रवण सत्कर्म है। श्रद्धालुओं को भागवत कथा के लिए समय निकालने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि कथा के श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का जागरण होता है।
भजनों पर भावविभोर हुए श्रद्धालु
कथा के दौरान आचार्य द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। ‘श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवाय’ और ‘राधे-राधे बोलो, चले आएंगे बिहारी’ जैसे भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति में नृत्य किया। पूरे कथा पंडाल में ‘राधे-राधे’ के जयघोष गूंजते रहे। कथा के मध्य आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसका श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान सुरेश अग्रवाल, कमल बगड़िया, अजय बजाज और अनिल अग्रवाल सहित अन्य श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।
सपरिवार कथा में शामिल होने का आग्रह
मुख्य यजमान आलोक रूंगटा ने नगर की धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के सदस्यों सहित सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ कथा में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा प्रारंभ होने से करीब 15 मिनट पूर्व अपना स्थान ग्रहण करने की अपील की। भागवत भगवान की आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।






