दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त, सभी पंडालों और रावण दहन स्थल का किया निरीक्षण
सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, महिला-पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास द्वार बनाने का निर्देश
सीसीटीवी, वोलेंटियर्स और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर, बिजली व भवन विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह, रामगढ़ अंचलाधिकारी रमेश रविदास और रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार पांडेय ने शहर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों और रावण दहन कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इफिको, रांची रोड स्टेशन, रांची रोड बाजार, थाना चौक, मेन रोड सुभाष चौक, बिजुलिया, पतरातू बस्ती, नईसराय अस्पताल कालोनी, विकासनगर पूजा पंडाल, छावनी फुटबाल मैदान स्थित रावण दहण स्थल, बाजार टांड़, जिला मैदान स्थित रावण दहण कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण से लेकर सुरक्षा तक, हर व्यवस्था पर नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार बनाने, पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा सीसीटीवी कैमरों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बिना एनओसी आयोजन की तैयारी नहीं, विभागों से लेनी होगी मंजूरी
अधिकारियों ने पूजा समितियों को बिजली विभाग, भवन विभाग और अग्निशमन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी जरूरी अनुमतियों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आयोजन से पहले सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके।
रावण दहन स्थल पर भी सुरक्षा इंतजामों की जांच
दुर्गा पूजा पंडालों के साथ रावण दहन कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आयोजन के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य पूजा और रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।






