अनिल विश्वकर्मा
रामगढ़। घर में खुशियों का माहौल था। शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना कर माथा टेकने निकले लोग शायद आने वाले कल के सपने संजो रहे थे, लेकिन रामगढ़ के पैंकी में उनका सफर मौत के मंजर में बदल गया। एनएच-33 पर आधी रात हुई भीषण टक्कर ने 13 लोगों की जिंदगी छीन ली। पांच महिलाओं और आठ पुरुषों की मौत से एक पूरा परिवार खत्म हो गया। जबकि एक घायल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
क्या है मामला
जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र अंतर्गत पैंकी गांव के समीप हजारीबाग-रांची मार्ग (एनएच-33) पर रविवार देर रात करीब 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में एक पुरुष घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की भयावहता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) में कुल 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सरस्वती विद्या मंदिर, नालंदा से जुड़े परिवार के यहां शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान कुज्जू ओपी क्षेत्र के पैंकी के समीप एनएच-33 पर प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और हादसे में बड़े पैमाने पर जानें चली गईं।
पांच महिलाएं और आठ पुरुषों की मौत
हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं, जिनमें एक बच्ची भी है। वहीं आठ पुरुषों की जान गई है, जिनमें एक बच्चा शामिल बताया गया है। हादसे में घायल एक पुरुष को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। एक ही वाहन में सवार इतने लोगों की मौत ने इस दुर्घटना को जिले के दर्दनाक सड़क हादसों में शामिल कर दिया है।
खुशियों का सफर मातम में बदला
बताया जा रहा है कि शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी परिवार के लिए उत्सव का अवसर थी। इसी खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन मंदिर पहुंचने से पहले ही पैंकी के समीप हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में नौकरी मिलने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द पसरा है।
नालंदा के बेन थाना और परिजनों से संपर्क
दुर्घटना के बाद सभी मृतकों के शव रामगढ़ सदर अस्पताल के शवागार में रखे गए हैं। मृतकों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। पुलिस बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना तथा मृतकों के परिजनों से संपर्क साध रही है, ताकि सभी मृतकों की पहचान सुनिश्चित कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर तेज गति और आगे चल रहे अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मारना दुर्घटना का कारण प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे डीसी और एसपी
रामगढ़ डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत घटनास्थल पर पहुंचे उन्होंने घटना की भयावहता का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया और उनके परिजनों को सूचना दिलवाई। स्कॉर्पियो किस गाड़ी से टकराई इसका पता पुलिस लग रही है। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी तो क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो के पास लोगों के शव पड़े हुए थे। राहगिरो की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया।







