BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

स्थापना दिवस पखवाड़े पर रक्तदान से लेकर पौधारोपण तक हुए कई कार्यक्रम


17 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, किसानों के बीच बांटे गए 30 क्विंटल सरसों बीज

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर जेएसएलपीएस पलाश, रामगढ़ की ओर से जिलेभर में जनकल्याणकारी और जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। रक्तदान शिविर, किसानों के बीच सरसों बीज वितरण, पौधारोपण और रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से सामाजिक सेवा, ग्रामीण आजीविका, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। विभिन्न आयोजनों में सखी मंडल की महिलाओं, जेएसएलपीएस कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

रक्तदान शिविर में 17 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

मानव सेवा के उद्देश्य से पतरातू प्रखंड कार्यालय परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला एवं मांडू में रक्तदान शिविर लगाए गए। शिविरों में सखी मंडल की दीदियों, जेएसएलपीएस कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 110 लोगों की सहभागिता रही, जिनमें 17 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प दिखाया।

किसानों के बीच वितरित किए गए 30 क्विंटल सरसों बीज

कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आत्मा के सहयोग से चितरपुर, दुलमी एवं रामगढ़ सदर प्रखंड के पात्र किसानों और महिला कृषकों के बीच रबी फसल के लिए उन्नत किस्म के सरसों बीज वितरित किए गए। प्रत्येक प्रखंड में 10 क्विंटल के हिसाब से कुल 30 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया। इस पहल से तिलहन उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभिन्न संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समितियों (सीएलएफ) में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस दौरान ग्रामीणों को पौधों की देखभाल, संरक्षण और गांवों में हरित वातावरण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

रंगोली के जरिए महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति का संदेश

गोला, दुलमी, चितरपुर, मांडू, पतरातू एवं रामगढ़ सदर प्रखंड में सखी मंडल की महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर झारखंड का संदेश दिया। स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जेएसएलपीएस ने ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया।