BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बिना विस्थापन और मुआवजे के खनन बर्दाश्त नहीं, हक के लिए सीना तानकर खड़े रहेंगे: आशीष भारद्वाज


​पलामू / राजहरा:

सीसीएल राजहरा कोलफील्ड क्षेत्र में बीते दिनों ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। विस्थापन, मुआवजे और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को लेकर युवा समाजसेवी आशीष भारद्वाज ने पीड़ित परिवारों के साथ सीसीएल राजहरा के प्रबंधक एमएम चतुर्वेदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच तीन घंटे से अधिक समय तक गहन और सकारात्मक वार्ता हुई।
​प्रशासन से संवाद के बाद प्रबंधन से सीधी वार्ता
​बैठक के बाद जानकारी देते हुए आशीष भारद्वाज ने बताया कि दो-तीन दिन पूर्व कोलफील्ड क्षेत्र के ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से उन्हें सूचित किया था कि बिना विस्थापित किए ही सीसीएल द्वारा ब्लास्टिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिसका विरोध करने पर ग्रामीणों को प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पहले पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी पीड़ा जानी और उसके बाद उपायुक्त पलामू तथा पड़वा थाना प्रभारी से संवाद कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
​रखी गईं ये प्रमुख मांगें
​तीन घंटे से अधिक चली बैठक में पीड़ित परिवारों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से रखा गया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
​25 घरों का लंबित मुआवजा: भूमि और आवास से जुड़े 25 घरों के लंबित मुआवजा मामलों का विधिवत व त्वरित निपटारा।
​सुरक्षित विस्थापन: खनन व ब्लास्टिंग कार्य से पूर्व प्रभावित परिवारों का समुचित विस्थापन।
​मुकदमे वापसी: ग्रामीण महिलाओं पर सीसीएल द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमों की तत्काल वापसी।
​"विकास के विरोधी नहीं, पर हक मारने नहीं देंगे"
​आशीष भारद्वाज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीण न तो विकास के विरोधी हैं और न ही सीसीएल के खनन कार्य के। यदि कंपनी नियमों के तहत कार्य करती है तो ग्रामीण सहयोग करेंगे, लेकिन हक और अधिकार को कुचलकर किए जाने वाले किसी भी कार्य के खिलाफ वे सीना तानकर खड़े रहेंगे।
​उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कंपनी या उसके प्रतिनिधियों द्वारा किसी भी प्रकार का झांसा देने का प्रयास किया गया, तो प्रबंधन को उनके पुराने ट्रैक रिकॉर्ड को देख लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैंने जिस भी जनहित के मुद्दे को उठाया है, उसे समाधान तक पहुंचाया है। जब तक इस मामले का संपूर्ण समाधान नहीं हो जाता, मैं इसे नहीं छोड़ूंगा।"
​सकारात्मक रहा वार्ता का माहौल
​आशीष भारद्वाज के अनुसार, बैठक के दौरान सीसीएल प्रबंधक एमएम चतुर्वेदी ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी मांगों पर जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।