BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बाल विवाह मुक्त पलामू के संकल्प के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस


पलामू :अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मेदिनीनगर के टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त सादात अनवर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसकी रोकथाम एवं बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी को आवश्यक बताया। वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की। उन्होंने इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181 एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में पलामू में बाल विवाह की दर 39.9 प्रतिशत थी, जो जागरूकता एवं सामुदायिक प्रयासों से घटकर वर्तमान में 35 प्रतिशत पर पहुंच गई है। आने वाले समय में इसे घटाकर 5.5 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों के समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।

इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त गांव बनाने एवं बाल विवाह की रोकथाम में बेहतर योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के जिला प्रबंधक, यूनिसेफ, पीसीआई एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बाल विवाह रोकथाम के लिए कार्य कर रहे लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।