BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रोजगार मेला में 180 युवाओं को किया गया शार्टलिस्ट,23 कंपनियों ने किया चयन


पलामू :श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, पलामू की ओर से बुधवार  को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत,अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता एवं जिला नियोजन पदाधिकारी नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर डीईओ,डीएसई समेत अन्य उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से एक हज़ार  से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 98 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को गार्ड, ट्रेनर, स्टोर कीपर, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर रोजगार मिला। इनमें कई पदों पर प्रतिमाह 20 हजार रुपये तक के वेतन का ऑफर दिया गया। उपायुक्त ने कुछ चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से ऑफर लेटर भी सौंपा।

इस अवसर पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के बाद सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रोजगार है क्योंकि रोजगार से एक पूरा परिवार सशक्त होता है।उन्होंने कहा कि वर्ष में चार बार इसका आयोजन होता है,इसकी सूचना जब मुझे मिलती है तो मुझे व्यक्तिगत तौर पर बेहद खुशी होती है। 

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने और बेहतर भविष्य के लिए स्वयं को लगातार तैयार रखने का आह्वान किया।रोजगार मेले में आए अभ्यर्थियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।