BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को नमन, जामताड़ा पुलिस केंद्र में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि


जामताड़ा से उदय किशोर सिंह की रिपोर्ट
जामताड़ा। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस केंद्र, जामताड़ा में शहीद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) नीलम कुजूर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) अमित कुमार रविदास तथा परिचारी प्रवर (पुलिस केंद्र) अजीत कुमार चौबे समेत जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। वहीं, शहीदों के सम्मान में आयोजित अनुशासित परेड के माध्यम से उन्हें सलामी दी गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने देश की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहीद जवानों द्वारा दिए गए बलिदान को याद किया।
शहीदों की कुर्बानी कभी भुलाई नहीं जा सकती : एसपी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों की कुर्बानी कभी भुलाई नहीं जा सकती। उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की याद दिलाता रहेगा। शहीदों का जीवन और उनका समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, राजेश मंडल, मनोज कुमार महतो समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।