उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार यादव के निर्देश पर शनिवार को जामताड़ा शहर के इंदिरा चौक में राजद कार्यकर्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। वही राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता को गुमराह कर भाजपा सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि राजद इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है।
राजद जिला प्रधान महासचिव अशोक चौधरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने राजद कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहने की अपील की।
राजद महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना कुमारी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता के मत का समान महत्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, इसलिए निर्वाचन आयोग को पारदर्शिता के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
मौके पर जिला प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना कुमारी यादव, प्रदेश सचिव राम प्रसाद सिंह, मिहिजाम नगर अध्यक्ष उमाशंकर यादव, जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष जोगेंद्र राय, नारायणपुर प्रखंड अध्यक्ष विजय यादव, अल्ताफ अंसारी, तबरेज अंसारी, राजू महतो, छोटन यादव, विपिन वर्ण, शंभू बाउरी, अजीत पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।







