दुर्गा पूजा को लेकर नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
रिपोर्ट #उदय किशोर सिंह जामताड़ा
आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन और पुलिस निरीक्षक रविंदर यादव के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।फ्लैग मार्च नारायणपुर बाजार, मुरली पहाड़ी, लखनुडीह और कोरीडीह-2 सहित अन्य स्थानों पर किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने का संदेश दिया। दुर्गा पूजा के दौरान बाजारों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बनाए रखना और श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।






