दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक।
उदय किशोर सिंह, जामताड़ा।
आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर जामताड़ा थाना परिसर में सीओ सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक का संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ दुर्गादास भंडारी ने किया।
बैठक के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने दुर्गा पूजा से पहले सभी प्रमुख नालियों की समुचित सफाई कराने, सड़कों के किनारे पेड़ों की लटकती टहनियों की कटाई कराने तथा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी। साथ ही पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से की गई।
वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी समितियों से पूजा पंडाल एवं मूर्ति विसर्जन के रूट चार्ट की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था, समिति के अध्यक्ष एवं लाइसेंसी के नाम की जानकारी भी आवेदन के माध्यम से देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जो पूजा समितियां गैर-लाइसेंसी हैं, वे समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के नाम सहित आवेदन जमा करें, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनका लाइसेंस निर्गत किया जा सके। पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की गई।
बैठक में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समाखंडेत, बिजली विभाग के तकनीकी कर्मी रंजित मिश्रा सहित प्रभु मंडल, संजय अग्रवाल,मोहनलाल बर्मन, डॉ. चंचल भंडारी, अजीत दुबे, विजय दुबे, अनूप पांडेय, अरूप मित्रा, इरशादुल हक आरसी, विजय भगत, संतन मिश्रा, राजेश गुप्ता सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।






