BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भदानीनगर ओपी में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, एसडीपीओ ने दिए सीसीटीवी, सुरक्षा और बेहतर यातायात के कड़े निर्देश


भुरकुंडा। भदानीनगर ओपी परिसर में आगामी दुर्गा पूजा पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा व संचालन ओपी प्रभारी मो अख्तर अली ने किया। बैठक के दौरान एसडीपीओ ने उपस्थित पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीमित स्टॉल लगाने, वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा पूजा समिति के वॉलींटियर्स के लिए अनिवार्य रूप से पहचान पत्र की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य होगा। ​त्योहार के दौरान आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए एसडीपीओ ने स्थानीय पुलिस को रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। ​मौके पर एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और आस्था का पर्व है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगई या और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, साथ ही असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। बैठक में बिट्टू महतो, प्रदीप शर्मा, आशीष करमाली, रईस आलम, बिनोद तुरी, राजेंद्र मुंडा, भुवनेश्वर महतो, बंधन महतो, आजाद अंसारी सहित कई लोग शामिल थे।