BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा में रक्तदान को बढ़ावा देने की पहल, सभी प्रखंडों में लगेंगे शिविर


जामताड़ा: जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमिटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंडों में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान रक्तदान शिविरों के आयोजन, रक्त केंद्रों में रक्त संग्रहण, भंडारण और रक्त के समुचित उपयोग की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान महादान है, लेकिन जागरूकता की कमी और विभिन्न भ्रांतियों के कारण कई लोग रक्तदान करने से पीछे हटते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों के समन्वय से नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संस्थानों में भी रक्तदान शिविर लगाने का निर्देश दिया, ताकि जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक, संबंधित एमओआईसी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।