तृषा सिंह के निधन पर चमेली देवी ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मिलकर जताया शोक
रिपोर्ट: उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की धर्मपत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी मंगलवार को रांची पहुंचीं। उन्होंने राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर उनकी पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
चमेली देवी ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति पर सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि एक मां के रूप में संतान को खोने का दर्द समझना बेहद कठिन है। उन्होंने अपने जीवन में भी दो बार इस पीड़ा को झेलने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में अपनों का साथ और हौसला ही सबसे बड़ा संबल होता है।
उन्होंने कहा कि तृषा सिंह का असामयिक निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुलाकात के दौरान चमेली देवी ने मंत्री एवं उनके परिवार के सदस्यों से घटना के बाद की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जामताड़ा समेत पूरा झारखंड इस दुख की घड़ी में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि तृषा सिंह का हाल ही में जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में निधन हो गया था। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की जा रही है।






