जमशेदपुर, 25 नवंबर 2026: करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के दर्शनशास्त्र विभाग की ओर से विश्व दर्शन दिवस (World Philosophy Day) के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “श्रीमद्भगवद्गीता में निष्काम कर्मयोग एवं स्थितप्रज्ञ: मानव कल्याण का दार्शनिक आधार” था।
कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष डॉ. अर्चना कुमारी गुप्ता मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थीं। उन्होंने अपने मुख्य व्याख्यान में श्रीमद्भगवद्गीता के निष्काम कर्मयोग और स्थितप्रज्ञ की अवधारणाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इनके दार्शनिक महत्व तथा मानव जीवन में नैतिकता, आत्मसंयम, कर्तव्यबोध और लोककल्याण की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि निष्काम भाव से कर्म करना और जीवन में संतुलित दृष्टिकोण अपनाना व्यक्ति को मानसिक स्थिरता प्रदान करने के साथ समाज के व्यापक कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज़ के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने विश्व दर्शन दिवस की प्रासंगिकता पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को दर्शन के अध्ययन के माध्यम से जीवन, समाज और मानवीय मूल्यों को गहराई से समझने के लिए प्रेरित किया।
दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल लतीफ मंडल ने कार्यक्रम के विषय का परिचय देते हुए इसकी दार्शनिक पृष्ठभूमि, महत्ता और समकालीन जीवन में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन बी.ए. राजनीति विज्ञान, सेमेस्टर-8 की छात्रा मोबिना बेगम ने किया। अंत में सहायक प्राध्यापक डॉ. मुजाहिदुल हक़ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही। डॉ अनवर शहाब, डॉ जी विजयलक्ष्मी, डॉ नेहा तिवारी, डॉ शाहिद हाशमी, डॉ बी एन त्रिपाठी, डॉ फखरुद्दीन अहमद तथा डॉ अमान मोहम्मद खान की उपस्थिति विशेष रही। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को भारतीय दर्शन, जीवन के नैतिक मूल्यों और मानव कल्याण की अवधारणाओं पर विचार करने का अवसर प्रदान किया।







