करमा पूजा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत
पलामू :जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरिया खुर्द-बोकेया घाट के समीप कोयल नदी में करमा पूजा विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
झारखंड कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक के नेतृत्व मे शोक संतप्त परिवारों से मिलने पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी समीम अहमद राईन, शैलेश चंद्रवंशी, अजय साहू, अखिलेश चौधरी, गिरजा राम, विद्या सिंह चेरो, उप मुखिया मुखलाल चौधरी, संजय कुमार सिंह, बाबूलाल सिंह, पुनरिक ठाकुर, तिलक देव पासवान एवं सुनील सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






