BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अजय भालोटिया पर जानलेवा हमले की जानकारी पर उनके आवास पर मिला मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल


जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल आज शहर के वरिष्ठ समाजसेवी श्री अजय भालोटिया के आवास पर पहुंचा और उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पाया कि मारपीट की घटना में श्री अजय भालोटिया को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी आंखों के आसपास काफी सूजन है, माथे पर चोट के निशान हैं तथा शरीर पर भी चोट के स्पष्ट निशान हैं। उनकी स्थिति देखकर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने गहरी चिंता व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष श्री मुकेश मित्तल, महासचिव श्री प्रदीप मिश्रा, जिला पंचायत समिति अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार अग्रवाल, जिला कानूनी सलाहकार श्रीराम सरोज (अधिवक्ता) उपस्थित थे। इस अवसर पर भालोटिया परिवार के श्री कृष्णा भालोटिया, श्री अभिषेक भालोटिया, श्री रमेश भालोटिया एवं परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

सम्मेलन ने कहा कि मारवाड़ी समाज में इस प्रकार की घटना अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक है। समाज के एक प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ व्यक्ति के साथ इस प्रकार मारपीट होना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस घटना से न केवल अजय भालोटिया के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है, बल्कि इससे समूचे मारवाड़ी समाज की प्रतिष्ठा और सामाजिक मर्यादा को भी गहरा आघात लगा है।

सम्मेलन ने कहा कि भालोटिया परिवार का जमशेदपुर के सामाजिक जीवन और मारवाड़ी समाज में लंबे समय से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वर्गीय चिमनलाल भालोटिया एवं स्वर्गीय चंदूलाल भालोटिया जैसे परिवार के वरिष्ठ सदस्यों ने पूर्व में  मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में समाज का नेतृत्व किया है। परिवार के सदस्यों ने समाजसेवा एवं जनहित के विभिन्न कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सम्मेलन इस घटना से गहरे आहत और आक्रोशित है। सम्मेलन का मानना है कि किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत विवाद हो, उसका समाधान कानून और संवाद के माध्यम से होना चाहिए। हिंसा एवं सार्वजनिक रूप से मारपीट  किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

सम्मेलन ने कहा कि यह केवल अजय भालोटिया के साथ हुई घटना नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए आत्मचिंतन का विषय है। समग्र मारवाड़ी समाज को इस घटना पर गंभीरता से चिंतन करना चाहिए कि समाज में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए हम सभी की क्या जिम्मेदारी है और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से किस प्रकार मजबूती से निपटा जाए।

पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने स्पष्ट किया कि समाज इस घटना को लेकर गंभीर रूप से आहत एवं आक्रोशित है। आगे इस विषय पर समग्र मारवाड़ी समाज के साथ विचार-विमर्श कर यह तय किया जाएगा कि न्याय एवं सामाजिक सम्मान की रक्षा के लिए किस प्रकार लोकतांत्रिक और वैधानिक तरीके से आगे की कार्रवाई किया जाए।

जारीकर्ता: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन
जमशेदपुर