डुमरी में आफत की बारिश: पेड़ गिरने से तीन दुकानें ध्वस्त, लाखों का नुकसान
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
डुमरी / गिरिडीह लगातार तेज बारिश और हवा से डुमरी में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। स्कूली बच्चों, दिहाड़ी मजदूरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वनांचल चौक के समीप एक विशाल पेड़ गिरने से दो गुमटियां और एक झोपड़ीनुमा होटल पूरी तरह ध्वस्त हो गए।पीड़ित दुकानदार अनिल जायसवाल व परमेश्वर मिस्त्री को 1-1 लाख रुपये और खाजा होटल संचालक बिनोद पंडित को 60-70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।सीओ डुमरी, वन विभाग और पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मधगोपाली पंचायत और बेरमो मोड़ में भी टहनियां गिरी.पूर्व पंसस संजय अग्रवाल, संजय जायसवाल, मनोज जायसवाल और गंगाधर महतो ने सड़क किनारे लगे सूखे और खतरनाक पेड़ों को तुरंत कटवाने की मांग की है।





