होल्डिंग टैक्स वसूली में तेजी लाने के निर्देश, वार्डवार होगी राजस्व वसूली की समीक्षा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: नगर निगम की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने और वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं कलेक्टिंग एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज एवं ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कलेक्टिंग एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने वार्डवार राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा करने तथा बकायेदारों से नियमानुसार शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय के प्रमुख स्रोतों से प्राप्त राजस्व का समय पर संग्रहण शहर में नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए वसूली कार्य में पारदर्शिता के साथ नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। समय पर टैक्स जमा करें नागरिक नगर आयुक्त ने निगम क्षेत्र के सभी होल्डिंगधारियों से निर्धारित समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक किसी भी प्रकार का बकाया कर लंबित न रखें और समय पर भुगतान कर नगर निगम की राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के सभी दुकानदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से दुकानों के किराए की बकाया राशि 10 अक्टूबर 2026 से पहले जमा करने की अपील की गई है। निगम प्रशासन ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर बकाया राशि जमा कर राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें। बैठक में संबंधित पदाधिकारी, नगर निगम के कर्मी एवं कलेक्टिंग एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






