लगातार बारिश को लेकर गिरिडीह में अलर्ट, उपायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो गिरिडीह
गिरिडीह: जिले में लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में जलजमाव को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण नदी,नाले, डैम, तालाब और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। उपायुक्त ने लोगों से नदी नालों, जलप्रपात, डैम और तेज जल प्रवाह वाले स्थानों से दूर रहने तथा अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की अपील की। बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से विशेष रूप से दूर रखने को कहा गया है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवागमन के दौरान भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने बारिश के दौरान विद्युत पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा होने पर दूरी बनाए रखने तथा विद्युत संबंधी समस्या होने पर स्वयं समाधान करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशील और निचले इलाकों में जलजमाव की लगातार निगरानी तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की।





