BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बगोदर में एटीएम कार्ड बदलकर युवती के खाते से उड़ाए 39 हजार रुपये, त्योहारों में रहें सतर्क


बगोदर/ गिरिडीह:-पर्व-त्योहारों के दौरान ठगी और छिनतई की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। बगोदर में एटीएम कार्ड बदलकर एक युवती के बैंक खाते से 39 हजार रुपये की निकासी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एटीएम से पैसे निकालने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती बगोदर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में पैसे निकालने गई थी। इसी दौरान एटीएम कक्ष में मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने युवती का एटीएम कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड थमाकर वहां से फरार हो गया। युवती को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जाता है कि ठगी करने वाले व्यक्ति ने करीब आधे घंटे के भीतर युवती के एसबीआई खाते से छह किस्तों में कुल 39 हजार रुपये की निकासी कर ली। खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलने के बाद युवती को ठगी का पता चला।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार संबंधित पीएनबी बैंक पहुंचे और एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
एटीएम इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी
पर्व-त्योहारों के दौरान एटीएम से पैसे निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड न दें और न ही अपना पिन बताएं। पैसे निकालने के बाद कार्ड अपने पास सुरक्षित रखें तथा खाते से किसी भी तरह की संदिग्ध निकासी होने पर तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें।