हंटरगंज में साइबर ठगी, एक ही परिवार के दो खातों से 1.50 लाख रुपये गायब
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
हंटरगंज (चतरा)। प्रखंड के जबड़ा गांव में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक ही परिवार के दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 50 हजार 977 रुपये की निकासी कर ली। घटना 13 अक्टूबर की है। पीड़ित ने हंटरगंज थाना में आवेदन देकर पुलिस से जांच कराने और ठगी की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, जबड़ा गांव निवासी चन्दर यादव ने बताया कि उनका बैंक ऑफ इंडिया की गोसाईडीह शाखा में बचत खाता है। 13 अक्टूबर को दोपहर 1:24 बजे उनके खाते से 72 हजार 900 रुपये कट गए। वहीं, उसी दिन दोपहर 1:20 बजे उनकी पुत्री कांति कुमारी के खाते से भी 77 हजार 977 रुपये की निकासी हो गई। दोनों खातों से रुपये कटने का संदेश उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ।
रुपये कटने की जानकारी मिलते ही चन्दर यादव बैंक ऑफ इंडिया की गोसाईडीह शाखा पहुंचे और शाखा प्रबंधक से मामले की जानकारी ली। पीड़ित के अनुसार, शाखा प्रबंधक ने इसे साइबर फ्रॉड का मामला बताया।पीड़ित किसान ने थाना प्रभारी से मामले की साइबर सेल के माध्यम से जांच कराने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। एक ही परिवार के दो खातों से इतनी बड़ी रकम गायब होने की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है।






