देवघर में उपायुक्त ने लगाया जनता दरबार, लगान रसीद व भू-अर्जन के मामलों में दिए सख्त निर्देश
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
ज्यादातर शिकायतें भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, लगान रसीद, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन और आवास योजना से संबंधित थीं। उपायुक्त ने बारी-बारी से सभी शिकायतकर्ताओं की बात सुनी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
जनता दरबार में लगान रसीद से जुड़ी शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। समय पर निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए एसआईआर-2026 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला स्तर के साथ-साथ सभी अंचलों में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में रैयतों के आवेदनों का ऑन द स्पॉट समाधान किया जाएगा।
उपायुक्त श्री भुवानियां ने सारवां अंचल के उत्क्रमित उच्च विद्यालय नारंगी की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सारवां अंचलाधिकारी को जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों पर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई कर प्रतिवेदन कार्यालय को समर्पित करें।






