BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा नगर परिषद एवं नगर पंचायत महागामा के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को गोड्डा नगर परिषद् एवं नगर पंचायत महागामा से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों नगर निकायों के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु नई भूमि चिन्हित करने, साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा उठाव, पथ प्रकाश व्यवस्था, शहरी जलापूर्ति योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित योजनाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई।

उपायुक्त ने सबसे पहले डोर-टू-डोर कचरा उठाव में लगे वाहनों की स्थिति एवं उनके नियमित परिचालन की जानकारी ली। संबंधित पदाधिकारी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समय के अनुसार कचरे का उठाव किया जा रहा है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कचरा उठाव में लगे सभी वाहनों को दुरुस्त रखते हुए उनका नियमित एवं अनिवार्य परिचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक वार्ड में किस दिन और किस वाहन के माध्यम से कचरा उठाव किया जाएगा, इसकी विस्तृत वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि कचरा संग्रहण एवं निष्पादन की व्यवस्था अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बन सके।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों के चौक-चौराहों पर टूटे-फूटे एवं क्षतिग्रस्त डस्टबिन को बदलने तथा सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

उपायुक्त ने गोड्डा नगर परिषद् एवं नगर पंचायत महागामा के अंतर्गत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने, शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में नगर प्रशासक अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित गोड्डा नगर परिषद् एवं नगर पंचायत महागामा के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।