BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

त्योहारों से पहले मिठाई-मसालों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, जांच के लिए नमूने भेजे


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। त्योहारों के मौसम में मिठाई और खाद्य सामग्रियों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जिले में औचक जांच अभियान चलाया। छोटकी पोना से नया मोड़ तक विभिन्न होटलों, खाद्य प्रतिष्ठानों और फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर मिठाइयों और मसालों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है। यह अभियान संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त रांची, उपायुक्त रामगढ़ तथा अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवल कुमार के निर्देश पर चलाया गया।

रसगुल्ला, काला जामुन और बालूशाही के नमूने लिए

जांच अभियान के दौरान अंश लाइन होटल, न्यू पिंटू होटल, तुलसी राशन दुकान, सूरज देशी होटल, तेजस होटल एंड रेस्टोरेंट, तुलसी फूड प्रोडक्ट और रघुवीर फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया गया। अंश लाइन होटल से रसगुल्ला और काला जामुन, जबकि न्यू पिंटू होटल से रसगुल्ला और बालूशाही के नमूने लिए गए। वहीं, तुलसी फूड प्रोडक्ट और रघुवीर फूड प्रोडक्ट से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और बेसन के कानूनी नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए रांची स्थित खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

साफ-सफाई में लापरवाही नहीं करने की हिदायत

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिबंधित सामग्रियों का प्रयोग पूरी तरह बंद रखने का सख्त निर्देश दिया।

टीम में ये थे शामिल 

जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।