पालोजोरी में शारदीय नवरात्र की धूम, 16 जगहों पर हो रही मां दुर्गा की आराधना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पालोजोरी प्रखंड का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। गांव-गांव, मंदिरों और चौक-चौराहों पर देवी स्तुति की गूंज सुनाई दे रही है। मंगलवार को मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
सुबह-शाम हो रहे चंडी पाठ, दुर्गा सप्तशती पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण अध्यात्मिक हो गया है। घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि से इलाका गूंज रहा है। श्रद्धालु उपवास रखकर मां की आराधना में लीन हैं। संध्या के समय महिलाएं सामूहिक देवी गीत गा रही हैं, तो युवा आयोजन और सेवा कार्य में जुटे हैं।
प्रखंड में इस वर्ष कुल 16 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा हो रही है। अकेले पालोजोरी बाजार में तीन जगहों पर भव्य पंडाल सजाए गए हैं। इसके अलावा बसबुटिया, कडरासल, सरसा, बदिया मोड़, बड़जोरी, असना सहित अन्य गांवों में भी आकर्षक सजावट और रोशनी के साथ भक्तों के स्वागत की तैयारी है।
हर ओर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम दिख रहा है। भक्तों का कहना है कि नवरात्र शक्ति, भक्ति और संकल्प का पर्व है जो जीवन को नई सकारात्मक दिशा देता है।






