देवघर आईएमए ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, चिकित्सकों की 10 सूत्री मांगों को लेकर संयुक्त आंदोलन का ऐलान
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) देवघर शाखा ने झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और चिकित्सकों की लंबित मांगों को लेकर उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है।
देवघर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एन. सी. गांधी और सचिव डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि यह आंदोलन मरीजों या स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर कार्य-परिस्थिति सुनिश्चित करने के लिए है।
आईएमए, देवघर द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को आईएमए, JHASA, AHPI, IMA हॉस्पिटल बोर्ड, जूनियर डॉक्टर और मेडिकल छात्र संगठनों सहित 10 चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों की Google Meet पर संयुक्त बैठक हुई, जिसमें लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
ज्ञापन में रखी गईं 10 प्रमुख मांगें :-
*1. डॉक्टरों की सुरक्षा:* झारखंड मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करना और अस्पतालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था।
*2. क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में संशोधन:* छोटे अस्पतालों और क्लीनिकों के लिए राहत के साथ व्यावहारिक और आनुपातिक नियामक ढांचा।
*3. DACP और करियर प्रोग्रेशन:* मेडिकल और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के लिए केंद्र सरकार / बिहार मॉडल पर डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (DACP) लागू करना।
*4. आयुष्मान भारत / PM-JAY:* लंबित क्लेम का समय पर भुगतान और पैकेज दरों की विसंगति को दूर करना।
*5. जूनियर डॉक्टरों की समस्याएं:* भर्ती, संविदा नियुक्ति, सेवा शर्तों और ट्रेनिंग की समस्याओं का समाधान।
*6. मेडिकल छात्रों के मुद्दे:* स्टाइपेंड का समय पर भुगतान, कॉलेजों में सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल।
*7. डेंटल डॉक्टरों के लिए DACP:* केंद्र की तर्ज पर डेंटल डॉक्टरों के लिए भी DACP और पारदर्शी भर्ती।
*8. सिंगल विंडो सिस्टम:* हेल्थकेयर लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और नवीनीकरण के लिए पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था।
*9. महिला डॉक्टरों की सुरक्षा और कल्याण:* नाइट शिफ्ट में सुरक्षा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न की रोकथाम और गरिमामय कार्य वातावरण।
*10. संयुक्त निगरानी तंत्र:* जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और IMA को मिलाकर नियमित संवाद और समीक्षा तंत्र बनाना।
देवघर आईएमए ने देवघर उपायुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप और सहयोग का आग्रह किया है।






