डीसी और एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों का किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा मानकों का लिया जायजा
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बुधवार, 14 अक्टूबर को संयुक्त रूप से शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और पंडालों में सुरक्षा मानकों की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान बेलाबगान, कृष्णापुरी, बिलासी, गौशाला, शिवलोक परिसर सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों व मंदिरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पूजा समिति के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पंडालों में की गई व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्वयंसेवकों की उपस्थिति, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा मानकों की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने सभी पूजा पंडाल समितियों को निर्देश दिया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए रात्रि 10 बजे से सुबह 06 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी परिस्थिति में अश्लील गानों को नहीं बजाया जाए।
पंडाल में महिला और पुरुषों के प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था, पंडाल और मंदिर के आसपास व स्टॉल में थर्माकोल/प्लास्टिक की जगह पत्तों से बने दोना-पत्तल का शत-प्रतिशत उपयोग, कूड़ा-कचरा जमा करने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि त्योहार सौहार्दपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने नगर निगम, अग्निशमन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को एक्टिव रहते हुए पंडालों के मानकों की जांच करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में पंडाल समितियां जिला नियंत्रण कक्ष, नगर निगम तथा नजदीकी थानों के संपर्क में रहें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले मैसेज, फोटो या वीडियो पोस्ट करने वालों पर पुलिस की साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी। ग्रुप एडमिन और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी को विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
मौके पर नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ रवि कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता मुकेश कुमार, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, नगर थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर निगम की टीम और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।






