आंगनबाड़ी कर्मियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, 07 महीने से लंबित मानदेय व पोषाहार राशि भुगतान की मांग
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
सारठ (देवघर) : सारठ प्रखंड क्षेत्र की दर्जनों आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाओं ने बुधवार दोपहर करीब 03 बजे विधायक चुन्ना सिंह को उनके बामनगामा स्थित आवास पर ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय और पोषाहार राशि के भुगतान की मांग की।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कर्मियों ने कहा कि पिछले 07 महीने से उन्हें न तो मानदेय मिला है और न ही पोषाहार की राशि का भुगतान किया गया है। उन्होंने ज्ञापन में उल्लेख किया कि सारठ और पालोजोरी प्रखंड को छोड़कर जिले के अन्य सभी प्रखंडों में आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय और पोषाहार राशि का भुगतान समय पर कर दिया जाता है।
आंगनबाड़ी कर्मियों ने सारठ प्रखंड की महिला पर्यवेक्षकों के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और व्यवस्था में सुधार की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक चुन्ना सिंह ने मौके से ही जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और दुर्गा पूजा को देखते हुए दो दिन के अंदर सभी आंगनबाड़ी कर्मियों के बकाया मानदेय और पोषाहार राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि जब जिले के अन्य प्रखंडों में समय पर भुगतान हो रहा है तो सारठ और पालोजोरी में ऐसी स्थिति क्यों है, इसकी जानकारी ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर वह देवघर डीसी और विभागीय सचिव से मिलकर इस मामले पर बात करेंगे, ताकि भविष्य में आंगनबाड़ी कर्मियों को ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर दर्जनों की संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं मौजूद थीं।






