BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

अग्रसेन डीएवी में विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार, साइबर अपराध से बचाव के गुर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

रामगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ के तत्वावधान में मंगलवार को अग्रसेन डीएवी पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी जानकारी

कार्यक्रम में चीफ एलएडीसी सुजित कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कानून का सम्मान करने और उसका पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही जरूरतमंदों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया।

कानूनी जागरूकता में विद्यार्थियों की भूमिका अहम

सुजित कुमार सिंह ने कहा कि विधिक साक्षरता क्लब विद्यार्थियों को जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए विद्यार्थी अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी कानून के प्रति जागरूक कर सकते हैं।

बच्चों और युवाओं तक कानूनी जानकारी पहुंचाने पर जोर

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रामगढ़ की ओर से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को कानूनी जानकारी देने और जरूरतमंदों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में एलएडीसी के मुंशी विमल राम भी उपस्थित थे।