धनवंतरि दिवस पर मनवीं अस्पताल की आरकेएस ने 1.17 लाख रुपये के बजट को दी मंजूरी
भोरंज 07 नवंबर। धनवंतरि दिवस के उपलक्ष्य पर श्रीरत्न मुनि जैन राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की शासी निकाय की बैठक शुक्रवार को एसडीएम शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ भगवान धनवंतरि के विधिवत पूजन के साथ किया गया। इसके बाद अस्पताल से संबंधित विभिन्न मुद्दों एवं प्रस्तावों पर व्यापक चर्चा की गई। समिति ने विस्तृत चर्चा के उपरांत लगभग 1.17 लाख रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान कर दी। अस्पताल की सीमित आय के मद्देनजर समिति ने राजस्व में वृद्धि करने के लिए विभिन्न जांच सुविधाएं एवं आयुर्वेदिक उपचार प्रक्रियाएं शुरू करने का निर्णय लिया। इसके अंतर्गत कटिबस्ती, जानुबस्ती, मात्राबस्ती, अग्निकर्म और ईसीजी सहित विभिन्न टेस्टों एवं उपचार प्रक्रियाओं के लिए शुल्क भी तय किए गए।
एसडीएम ने कहा कि इससे रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अस्पताल की आय में भी वृद्धि होगी। समिति के सदस्यों ने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं रोगियों के कल्याण के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प भी लिया। एसडीएम ने कहा कि भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद आज के दौर में भी बहुत महत्वपूर्ण है और इसके विस्तार की काफी अच्छी संभावनाएं हैं।
बैठक में अस्पताल के प्रभारी एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य सचिव डॉ. कमल कौशल ने आय-व्यय, अन्य मुद्दों एवं प्रस्तावों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. तनुजा नागपाल, ग्राम पंचायत लगमनवीं के प्रधान केशव कौशल, भोरंज के सीडीपीओ सुनील कुमार और अन्य विभागों के अधिकारी भी बतौर समिति सदस्य उपस्थित रहे।






