लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर रांची नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लेने हेतु आज माननीया महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तेतर टोली तालाब, दिव्यायन तालाब, भरम टोली छठ तालाब, जोड़ा तालाब, बड़गाई छठ तालाब, यूनिवर्सिटी कॉलोनी शनि मंदिर एवं पीएचईडी छठ घाट पहुंचकर साफ-सफाई, जलस्तर, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने घाटों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं टीमें पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 04 के माननीय पार्षद श्री अमित मुंडा, वार्ड संख्या 05 के माननीय पार्षद श्री अवधेश बैठक, वार्ड संख्या 09 की माननीया पार्षद श्रीमती प्रीति रंजन सहित रांची नगर निगम के पदाधिकारी एवं विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।







