रजरप्पा में स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन सह सम्मान समारोह आयोजित
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित
फोटो01 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में शनिवार को स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का समापन सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (उत्खनन) शंभु कुमार सिन्हा ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के सफल आयोजन के लिए सीएसआर अधिकारी आशीष झा सहित रजरप्पा क्षेत्र की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़कर ही इसे स्थायी रूप से जन-अभियान बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और आम लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी (सीएसआर) आशीष झा ने किया। उन्होंने अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में जागरूकता रथ, चित्रकला प्रतियोगिता, दीवार चित्रण, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, सफाई मित्र सम्मान शिविर, ग्रामसभा, स्वच्छता अभियान, वस्त्र दान अभियान, कबाड़ से कंचन, वृक्षारोपण, वॉलीबॉल मैच, स्वच्छता एवं स्वच्छता-सफाई किट वितरण और कपड़े के थैले के वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आशीष झा ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग एवं भागीदारी के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों और आम लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से स्वच्छता ही सेवा अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिली और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी। समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उत्तम ओझा, धनेश्वर राम, विकास कुमार राय, रितिक कुमार सहित डीएवी पब्लिक स्कूल रजरप्पा, सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा, पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय रजरप्पा, आरबी हाई स्कूल सांडी एवं एपेक्स पब्लिक स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।






