BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

त्योहारों पर अस्थायी दुकानों को लेकर छावनी परिषद से अनुमति की मांग


रामगढ़। दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। रामगढ़ छावनी क्षेत्र के सुभाष चौक और शिवाजी रोड स्थित किला मंदिर के समीप प्रतिवर्ष अस्थायी स्टॉल लगाकर कारोबार करने वाले स्ट्रीट हॉकर और वेंडरों को इस वर्ष छावनी परिषद की ओर से स्टॉल लगाने से रोका जा रहा है। इससे दुकानदारों में चिंता है। उनका कहना है कि त्योहारों के इस महत्वपूर्ण कारोबारी मौसम में दुकान नहीं लगाने देने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

विधायक तक पहुंचा मामला

इस मामले को वार्ड संख्या-8 के कांग्रेस अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनमोल आनंद ने गंभीरता से उठाया है। उन्होंने रामगढ़ विधायक ममता देवी को दुकानदारों की समस्या से अवगत कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि इन अस्थायी दुकानों से कई छोटे दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में त्योहारों के दौरान उन्हें कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए।

सीईओ से मिलेगा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

अधिवक्ता अनमोल आनंद की पहल पर जल्द ही विधायक ममता देवी के नेतृत्व में कांग्रेस कमेटी, रामगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल की ओर से केवल दीपावली एवं छठ पूजा की अवधि के लिए अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति देने का आग्रह किया जाएगा।

त्योहार की खुशियों पर न पड़े आर्थिक संकट

अधिवक्ता अनमोल आनंद ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सीईओ दुकानदारों की परेशानी को समझेंगे और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें त्योहारों के दौरान अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति देंगे, ताकि छोटे दुकानदार और उनके परिवार भी खुशी से त्योहार मना सकें।