BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पीवीयूएनएल ने गांधी जयंती पर किया मल्टीपर्पस कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण


गांधी स्मारक पुस्तकालय को तीन पुस्तक अलमारियां व हिंदी साहित्य की पुस्तकें किया गया भेंट, हुआ पौधारोपण

पतरातू। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत शुक्रवार को गेगदा में नवनिर्मित मल्टीपर्पस कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया गया। लगभग 80 लाख की लागत से बने सामुदायिक भवन स्थानीय ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए समर्पित किया गया है। कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार सहगल सहित वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सामुदायिक भवन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय लोगों के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास को बढ़ावा देना है। यह भवन विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थानीय लोगों को एक बेहतर एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराएगा। इसके पूर्व गांधी स्मारक परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशनलाल चौधरी एवं सीईओ अशोक कुमार सहगल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। समारोह के दौरान अतिथियों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण कर उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का सामुहिक संकल्प लिया। पीवीयूएनएल सीएसआर के तहत गांधी स्मारक पुस्तकालय को तीन पुस्तक अलमारियां एवं हिंदी साहित्य की पुस्तकें भी भेंट की गईं। इस दौरान बताया गया कि इसका उद्देश्य पुस्तकालय की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों में पठन-पाठन तथा साहित्य के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। इधर दूसरी ओर पीवीयूएनएल टाउनशिप परिसर एवं गांधी स्मृति स्थल के समीप एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।