बड़कीपोना के बुजुर्ग, विधवा एवं दिव्यांग लाभुक कर रहे लंबित पेंशन भुगतान का इंतजार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। चितरपुर प्रखंड के बड़कीपोना पंचायत क्षेत्र में इंदिरा गांधी पेंशन, राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजना के लाभुक पिछले छह महीने से पेंशन भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण लाभुकों की आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। लाभुकों का कहना है कि सरकार की ओर से मिलने वाली पेंशन उनके लिए आर्थिक सहारा है। लेकिन छह महीने से राशि नहीं मिलने के कारण दवा, भोजन सहित रोजमर्रा की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांग लाभुकों ने जल्द से जल्द लंबित राशि का भुगतान किए जाने की मांग की है। लाभुकों ने सरकार से मांग की है कि नवरात्र से पहले लंबित पेंशन का भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। लाभुकों का कहना है कि समय पर पेंशन मिलने से उन्हें काफी सहूलियत होगी। बड़कीपोना पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पेंशन भुगतान के मामले को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम रामगढ़ उपायुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने लंबित पेंशन भुगतान को लेकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने की बात कही। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य भाग-1 शंभू कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मुकेश प्रसाद, रामधनी राम दांगी, मनोज पासवान, आकाश कुमार, वार्ड सदस्य मंटू कुमार, निर्मल कुमार, अमृत कुमार, जीतभन राम दांगी सहित कई लोग उपस्थित थे।







