BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चितरपुर में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का हुआ उद्घाटन


(बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना झारखंड सरकार की प्राथमिकता : ममता देवी)


रजरप्पा। चितरपुर में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील एवं सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया। विधायक ममता देवी ने कहा कि सरकार की सोच है कि हमारी बच्चियां अच्छी शिक्षा प्राप्त कर समाज में आगे बढ़ें। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से छात्राओं को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दिशा में जिला प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। बालिकाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। ज्ञान ऐसी पूंजी है, जिसे कोई भी व्यक्ति आपसे छीन नहीं सकता।

शिक्षा सामाजिक विकास की पहली कड़ी : उपायुक्त

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि शिक्षा सामाजिक विकास की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से पढ़ाई करने और आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अपनी दैनिक दिनचर्या निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति के लिए समय-समय पर काउंसिलिंग भी की जाएगी, ताकि उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिल सके।

अब अपने प्रखंड में ही पढ़ाई कर सकेंगी छात्राएं : डीईओ

स्वागत भाषण देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा संचालित यह आवासीय विद्यालय समाज के उन वर्गों की बच्चियों को शिक्षा का अवसर प्रदान करता है, जिन्हें अन्यथा बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि विद्यालय का नवनिर्मित भवन करीब एक वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो गया था। अब तक यहां की छात्राएं मांडू स्थित विद्यालय में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही थी, लेकिन अब वे अपने ही प्रखंड के इस विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर सकेंगी।

पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में चितरपुर सीओ दीपक मिंज, बीईईओ सुलोचना कुमारी, अर्जुन वर्मा, राजेंद्र नाथ चौधरी, अमित महतो, लक्ष्मण महतो, उमेश सिंह, मो. साजिद, मुखिया फिरोज अंसारी, प्रदीप महतो, मो. इंशाअल्लाह, बबली सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।