रजरप्पा थाना क्षेत्र के मदगी में बंद घर का ताला तोड़कर करीब चार लाख की चोरी
परिवार के मायके जाने के दौरान चोरों ने दिया घटना को अंजाम, नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर व घरेलू सामान गायब
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलमी प्रखंड के मदगी गांव निवासी योगेंद्र महतो पिता स्व. सुखलाल महतो के घर में चोरी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर योगेंद्र महतो ने रजरप्पा थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरों को पकड़ने और चोरी गए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, योगेंद्र महतो रामगढ़ में रहकर कार्य करते हैं और घर पर नहीं रहते हैं। उनकी पत्नी संजू देवी बच्चों के साथ घर पर रहती हैं। 11 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे संजू देवी घर में ताला बंद कर बच्चों के साथ अपने मायके ग्राम हुहुवा गई थी।
पड़ोसी ने दी घर का ताला टूटने की सूचना
12 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे घर के बगल में रहने वाले पड़ोसी ने संजू देवी को फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला टूटे होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्से और स्टील की अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे।
नकदी व जेवर समेत अन्य सामान गायब
योगेंद्र महतो के अनुसार घर से करीब 22 हजार पांच सौ रुपए नकद, 40 ग्राम चांदी की चेन, करीब 10 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, दोनों बच्चों का चांदी का बाला, दोनों बच्चों का करीब 10 ग्राम का सोने का बजरंगबली लॉकेट, करीब 10 भर चांदी की पायल, मिक्सी मशीन, इंडक्शन सहित अन्य सामान गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब चार लाख रुपए बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद रजरप्पा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






