BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

एमओ ने किया 5 पीडीएस दुकानों का औचक निरीक्षण, स्टॉक व वितरण पंजी की जांच


अनाज वितरण में अनियमितता नहीं होगी सहन :- एमओ

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

पालोजोरी (देवघर) : प्रखंड में संचालित पीडीएस दुकानों की जमीनी हकीकत जानने और व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार यादव एक्टिव मोड में हैं। इसी कड़ी में सोमवार को एमओ ने 5 पीडीएस दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता लाना और लाभुकों तक विभागीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एमओ ने सभी दुकानों के स्टॉक पंजी और वितरण पंजी का मिलान ऑनलाइन डेटा और गोदाम में मौजूद वास्तविक खाद्यान्न से किया। गोदामों की साफ-सफाई की भी जांच की गई और डीलरों को अनाज को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण में रखने का निर्देश दिया गया ताकि गुणवत्ता बनी रहे।

एमओ ने पीडीएस दुकान पर राशन लेने आए कार्डधारियों से सीधे बात कर जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने लाभुकों से पूछा कि राशन समय पर मिलता है या नहीं, वजन में कटौती तो नहीं की जाती और डीलर का व्यवहार कैसा है। कार्डधारियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन एमओ ने दिया।

जिन दुकानों का निरीक्षण किया गया उनमें नवाडीह के डीलर धनेश्वर हेम्ब्रम, कुंभगढ़ा के कयूम अंसारी, सगराजोर के अमीन अंसारी, ठेगाडीह की गुलाबी स्वयं सहायता समूह और कुंभगढ़ा की ताज स्वयं सहायता समूह की पीडीएस दुकान शामिल हैं।

एमओ राहुल कुमार यादव ने सभी डीलरों को सख़्त निर्देश दिया कि पीडीएस की हर सुविधा कार्डधारियों को बिना किसी अड़चन के मिलनी चाहिए, इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कम राशन देने, स्टॉक छुपाने या वितरण में हेराफेरी की शिकायत मिली तो संबंधित डीलर के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। एमओ ने कहा कि आगे भी नियमित अंतराल पर दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा।

मौके पर प्रभारी बीपीआरओ सुभाष राय सहित डीलर धनेश्वर हेम्ब्रम, कयूम अंसारी, अमीन अंसारी, ललिता गुप्ता, रहीम अंसारी आदि मौजूद थे।