BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

युवाओं की ‘आवाज़’ से मजबूत होगा लोकतंत्र, भाषण प्रतियोगिता में मिलेगा 10 हजार का पुरस्कार


रामगढ़। लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान तक सीमित नहीं, बल्कि मतदाता सूची की शुद्धता और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से भी तय होती है। इसी सोच को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड ने राज्य स्तरीय ऑनलाइन भाषण प्रतियोगिता ‘आवाज़’ (AAWAZ) की शुरुआत की है। इस मंच पर झारखंड के स्कूली विद्यार्थियों से लेकर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं तक लोकतंत्र, स्वच्छ मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने विचार साझा करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 10 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

तीन शैक्षणिक श्रेणियों में भागीदारी

प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं और 10वीं, कक्षा 11वीं और 12वीं तथा कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अलग-अलग श्रेणियों में हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागी का भारतीय नागरिक होना और झारखंड के किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत होना अनिवार्य है।

तीन विषयों में से किसी एक का करना होगा चयन

प्रतिभागियों को मजबूत लोकतंत्र के लिए शुद्ध मतदाता सूची, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका अथवा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की आवश्यकता जैसे विषयों में से किसी एक पर भाषण देना होगा।

हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पुरस्कार

तीनों श्रेणियों में हिंदी और अंग्रेजी के विजेताओं को अलग-अलग पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र, द्वितीय पुरस्कार में पांच हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार में तीन हजार रुपये के साथ ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

वीडियो और स्क्रिप्ट जमा करना अनिवार्य

प्रतिभागियों को एक से पांच मिनट का वीडियो एमपी-4 प्रारूप में पोर्ट्रेट मोड (9:16) में तैयार करना होगा। वीडियो के साथ भाषण की लिखित स्क्रिप्ट भी जमा करनी होगी। आवाज स्पष्ट, रोशनी पर्याप्त और पृष्ठभूमि साफ होनी चाहिए। वीडियो या स्क्रिप्ट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार अथवा संशोधित सामग्री का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विषय पर ही अपनी प्रविष्टि भेज सकता है।

10 नवंबर है आवेदन की अंतिम तिथि

इच्छुक विद्यार्थी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना आवेदन, वीडियो और लिखित स्क्रिप्ट 10 नवंबर 2026 तक जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 18003311950 और वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।