BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बच्चों को पॉक्सो कानून और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक


रामगढ़। बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और साइबर अपराध के खतरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ के तत्वाधान में सोमवार को तीन विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल अधिकारों और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

पॉक्सो कानून और बाल अधिकारों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान शहर के बाजार समिति स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, उच्च विद्यालय, कोयरी टोला तथा कस्तूरबा गांधी हाई स्कूल, मांडूआटांड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रामजी, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, रामगढ़ और अभिनव कुमार, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल, रामगढ़ ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

साइबर अपराध से बचने के बताए उपाय

कार्यक्रम में बच्चों को ऑनलाइन दुनिया में सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और इंटरनेट पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सावधान रहने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूकता और सही समय पर उचित कदम उठाने से साइबर अपराध सहित कई खतरों से बचाव संभव है।

जागरूक बच्चे ही सुरक्षित समाज की नींव

अभियान के माध्यम से बच्चों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने अधिकारों को समझने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का नारा रहा। “सुरक्षित बचपन, जागरूक बच्चे और मजबूत समाज।” जागरूकता अभियान को सफल बनाने में पीएलवी निरंजन कुमार, किशोर कुमार मुंडा, आकाश कुमार, उमेश कुमार गुप्ता, मीना कुमारी, पूनम देवी, सरिता गोस्वामी, सीता देवी एवं टिकेश्वर प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।