रांची: रांची सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में 24 अक्टूबर 2026 को शारदा ग्लोबल स्कूल परिसर में इंटर-स्कूल TED-स्टाइल टॉक प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में रांची के 21 सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवाद कौशल, रचनात्मक सोच और अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन शारदा ग्लोबल स्कूल के निदेशक दीपक बांका, स्कूल प्रबंधन समिति की सदस्य दीपा बांका और प्राचार्या जस्मीत कौर की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर जीडी गोयनका स्कूल, रांची के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार और गुरु नानक स्कूल, रांची की प्राचार्या कैप्टन सुमित कौर भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया था। ग्रुप-ए में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के वरिष्ठ विद्यार्थियों और ग्रुप-बी में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार मौलिक और सहज तरीके से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का मूल संदेश “Ideas Worth Spreading” यानी ऐसे विचार, जिन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए रहा। प्रतियोगिता का मूल्यांकन शिक्षाविद् रेखा मिश्रा और डॉ. आर.के. दास ने किया। ग्रुप-ए में कैराली स्कूल, एचईसी के अक्षय पारीक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आइडियल इंटरनेशनल स्कूल के मोहम्मद इस्बाह उमर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सेवन स्टार्स अकादमी की आद्या सुमन ने तीसरा स्थान हासिल किया। ग्रुप-बी में जीडी गोयनका स्कूल, रांची की जिया भटनागर प्रथम स्थान पर रहीं। दूसरे स्थान पर विकास विद्यालय, रांची की मौली सिंह, ब्रिजफोर्ड स्कूल की अन्वेषा कर और डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल, रांची की पलक श्रुति रहीं। वहीं, तीसरा स्थान मनन विद्या स्कूल, रांची के सौमि सेनगुप्ता ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का एक विशेष पहलू यह रहा कि एक विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थी को भी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया गया। उसी स्कूल के एक अन्य विद्यार्थी ने उन्हें बोलने में सहयोग प्रदान किया। इस पहल के माध्यम से प्रतियोगिता में समावेशिता और सभी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर निदेशक दीपक बांका ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के संचार कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसमें विद्यार्थी केवल किसी विषय पर बोलते ही नहीं, बल्कि अपने मौलिक विचारों को सहज तरीके से प्रस्तुत कर दूसरों को प्रेरित करना भी सीखते हैं। प्राचार्या जस्मीत कौर ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि TED-स्टाइल टॉक का उद्देश्य मौलिक और रचनात्मक विचारों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत कर दूसरों को प्रेरित करना है। कार्यक्रम का समापन मेजबान स्कूल की डिप्टी हेड गर्ल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
शारदा ग्लोबल स्कूल में इंटर-स्कूल TED-स्टाइल टॉक प्रतियोगिता आयोजित, 21 सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा




.png)
