सेवा और संस्कार के संदेश के साथ श्री कृष्ण विद्या मंदिर में मना दीपोत्सव, रंगोलियों ने मोहा मन
रामगढ़। श्री कृष्ण विद्या मंदिर के प्रांगण में दीपों की जगमगाहट, आकर्षक रंगोलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव में जहां विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली, वहीं जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटकर सेवा और मानवता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल, सचिव विमल किशोर जाजू, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य महावीर अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के अभिनंदन के साथ हुआ। इसके बाद बाल-वाटिका के नन्हे विद्यार्थियों ने आकर्षक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीराम के 14 वर्षों का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने के प्रसंग को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
रंगोलियों में दिखी बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा
विद्यालय के विशाल प्रांगण में बनाई गई भव्य रंगोली समारोह का मुख्य आकर्षण रही। इसके चारों ओर विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर आधारित रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दीपों की सजी कतारों और रंग-बिरंगी रंगोलियों का अतिथियों ने अवलोकन किया और बच्चों की सराहना की।
अनाथालय में खुशियां बांटकर दिया सेवा का संदेश
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पहलू विद्यार्थियों का 'डिवाइन ओंकार मिशन' स्थित अनाथालय का भ्रमण रहा। यहां बच्चों के बीच बड़ी संख्या में कपड़े, मिठाइयां और पटाखों का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
दीप सज्जा प्रतियोगिता में मेधावी विद्यार्थियों का चयन
विद्यालय परिसर में भी दीपावली का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने पारंपरिक तरीके से आतिशबाजी कर उत्सव की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर आयोजित दीप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक ढंग से दीपों को सजाकर अपनी कला का परिचय दिया। जूनियर वर्ग में निवृत्ति, साइका और सृष्टि, जबकि सीनियर वर्ग में ईशान, दिव्यांश और इक्षा के सजाए दीपों को सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप प्रज्वलित करने का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर ज्ञान, संस्कार और मानवता का प्रकाश जगाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्व की वास्तविक भावना को समझते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच मिठाई का वितरण
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षकेतर कर्मचारियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक गतिविधियों और सेवा कार्यों से सजा यह आयोजन विद्यार्थियों को यह संदेश दे गया कि दीपावली की असली रोशनी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से ही बढ़ती है।






