BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मजबूत लोकतंत्र की नींव हैं जागरूक नागरिक : बीडीओ


भुरकुंडा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में गुरुवार को पटेलनगर स्थित श्री अग्रसेन स्कूल  में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निबंध लेखन, क्विज सहित कई शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र, मतदान के महत्व और मतदाता अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पतरातू बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मौके पर बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवाओं को अभी से लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए। इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब जैसी पहल विद्यार्थियों को जागरूक बनाने का बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक कर सकते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक मतदान से ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव है। इसलिए प्रत्येक योग्य नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी बचपन से ही मिलनी चाहिए। प्राचार्य विवेक प्रधान ने कहा कि इलेक्ट्रोल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन व्यवस्था को समझने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग होने का अवसर मिलता है।