माता का पट खुलते ही उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा घुटूवा
मां दुर्गा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ माहौल
विक्रांत कुमार कुशवाहा
बरकाकाना। नया नगर घुटूवा में षष्ठी पूजा के साथ ही दुर्गोत्सव की रौनक चरम पर पहुंचने लगी है। श्री श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित पूजा के दौरान माता रानी का शुक्रवार को पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां दुर्गा के दर्शन की लालसा और जयकारों से पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय हो उठा। पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं में माता के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा-अर्चना
पट खुलने के बाद पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। माता रानी को माला अर्पित कर पूजा की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और जीवन में शांति की कामना की।
दर्शन के लिए देर तक लगा रहा भक्तों का तांता
माता रानी के दर्शन के लिए पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं का पहुंचना देर तक जारी रहा। पूरा परिसर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। दुर्गा पूजा को लेकर नया नगर घुटूवा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। पूजा के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और चहल-पहल बढ़ गई है।






