वार्ड 7 और 8 में भी जी प्लस चार भवनों के नक्शे को मिले मंजूरी : चैंबर
रामगढ़। शहर के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए बुनियादी सुविधाओं में सुधार जरूरी है। शहर के हृदय स्थल वार्ड संख्या 7 और 8 में भी अन्य वार्डों की तर्ज पर जी प्लस चार भवनों के नक्शे की अनुमति देने की मांग उठी है। इसके साथ ही शहर में व्यवस्थित पार्किंग, जर्जर बिजली पोल एवं तारों की मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था जैसे मुद्दों पर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया। इन समस्याओं के समाधान के लिए चैंबर की ओर से संबंधित स्तर पर पहल करने की बात कही गई।
चैंबर की सातवीं कार्यकारिणी बैठक में उठा शहर के विकास का मुद्दा
रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2025-27 के द्वितीय वर्ष की सातवीं कार्यकारिणी बैठक मंगलवार की देर शाम बिजुलिया स्थित चैंबर भवन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष मनजीत साहनी ने की, जबकि संचालन मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मानु ने किया। शुरुआत में अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों एवं अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद मानद सचिव ने प्राप्त पत्रों की जानकारी सदन के समक्ष रखी।
वार्ड 7 और 8 में भवन निर्माण की अनुमति पर जोर
बैठक में छावनी परिषद के नए गजट में प्रस्तावित सुधार अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। इस दौरान शहर के महत्वपूर्ण वार्ड संख्या 7 और 8 में भी अन्य वार्डों की तरह जी प्लस चार भवनों के नक्शे को अनुमति देने की मांग प्रमुखता से उठी। सदस्यों का मानना था कि भवन निर्माण से जुड़े नियमों में समानता और व्यावहारिकता होनी चाहिए, ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।
पार्किंग से लेकर बिजली व्यवस्था तक उठे मुद्दे
शहर में बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच पार्किंग की समुचित व्यवस्था को जरूरी बताया गया। इसके अलावा जर्जर बिजली पोल और तारों को बदलने, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत तथा जरूरत के अनुसार नई लाइट लगाने जैसे मुद्दों पर भी सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। अध्यक्ष मनजीत साहनी ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने की बात कही।
व्यापारिक और औद्योगिक विकास पर भी चर्चा
बैठक में स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं, औद्योगिक विकास और सरकारी नीतियों से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष ने चैंबर की आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान पिछली बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन प्रस्ताव रखा गया, जिसे कार्यकारिणी सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों और उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।
बैठक में ये थे उपस्थित
बैठक में एफजेसीसीआई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय कुमार अग्रवाल, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद सिंह उर्फ वकील सिंह, मनजी सिंह, विमल बुधिया, श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, मानद सचिव मनोज कुमार चतुर्वेदी उर्फ मानु, कोषाध्यक्ष दिनेश पोद्दार, सहसचिव इंद्रपाल सिंह सैनी, कार्यकारिणी सदस्य विनय कुमार सिंह, मुरारी लाल अग्रवाल, राहुल जैन पाटनी, अभिजीत कुमार बीजी, अधिवक्ता विवेक अग्रवाल, छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह, तेजिंदर सिंह सोनी, राजकुमार अग्रवाल, परविंदर सिंह उर्फ पप्पू जसल, रवि सिंह, बंटूक सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। अंत में उपाध्यक्ष अमरेश गणक ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।






