दो महिलाओं का मोबाइल लेकर भागा युवक, ब्लॉक चौक के पास लोगों ने दबोचा
रामगढ़। शहर के बिजुलिया तालाब में घोंघी चुनने आई दो महिलाओं का मोबाइल लेकर फरार होना एक युवक को भारी पड़ गया। मोबाइल लेकर ब्लॉक चौक के पास पहुंचते ही महिलाओं ने उसे पहचान लिया। इसके बाद स्थानीय युवकों ने घेरकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मोबाइल लेकर फरार हुआ युवक
जानकारी के अनुसार, कडरू बारीडीह, घुटूवा निवासी गोलू देवी, पति स्वर्गीय शिवनारायण बेदिया और फुलेश्वरी देवी, पति स्वर्गीय मंगला मुंडा, बिजुलिया तालाब में घोंघी चुनने आई थीं। इसी दौरान मुर्राम बस्ती निवासी लक्ष्मण कुमार, पिता कमल महतो, कथित तौर पर दोनों महिलाओं का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
महिलाओं ने पहचाना, स्थानीय युवकों ने पकड़ा
बताया जाता है कि युवक जब ब्लॉक चौक के पास रवि की सब्जी दुकान के निकट पहुंचा, तो महिलाओं ने उसे पहचान लिया। इसके बाद रवि कुमार, विक्की कुमार और सुदीप चटर्जी ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। महिलाओं ने बताया कि उसके मोबाइल से सिम निकालकर इसे फेक दिया गया। साथ ही पर्स में रखे 2 हजार रुपए भी गायब है। इधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


.jpg)



