BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में तुलेश्वर महतो हत्याकांड का खुलासा, पत्नी समेत 4 गिरफ्तार; डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या


पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में बहुचर्चित तुलेश्वर महतो हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में उद्भेदन कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) पलामू के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति की हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पत्नी समेत कुल 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए डेढ़ लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो मोटरसाइकिलें (R15 और पल्सर) और सभी अभियुक्तों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
​एसपी कपिल चौधरी का बयान: "बरामदगी ही बयां करती है अपराधियों की मानसिकता"
​पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “अगर कट्टा या हथियार अभियुक्त के पास से बरामद हुआ है, तो इसका यह मतलब नहीं है कि वह पहले से अपराधी प्रवृत्ति का रहा हो या नहीं। चूंकि यह मामला पहले हमारे रिकॉर्ड या संज्ञान में नहीं था, इसलिए हम यह सीधे तौर पर नहीं कह सकते कि वह आदतन अपराधी था। हालांकि, उसके पास से हथियारों की बरामदगी ही उसकी आपराधिक मानसिकता और इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त होने की गवाही देती है। अब यह पूरा गिरोह पुलिस के रडार पर आ चुका है और गिरफ्तार हो चुका है।”
​घटना का विवरण: घर से बुलाकर मारी गई थी गोली
​दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को तरहसी थाना क्षेत्र के ग्राम बेदानीखुर्द निवासी तुलेश्वर महतो (उम्र करीब 45 वर्ष, पिता- स्व० मधेश्वर महतो) को अज्ञात अपराधियों ने घर से बाहर बुलाया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
​इस घटना के बाद मृतक के भाई मुरारी महतो के फर्दबयान के आधार पर तरहसी थाना कांड संख्या 114/26 दर्ज करते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) की गई थी।
​इस तरह खुला साजिश का काला राज
​हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी पलामू के निर्देश पर लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल (SIT) का गठन किया गया।
​वैज्ञानिक अनुसंधान और पूछताछ के दौरान पुलिस का शक मृतक के साढ़ू शैलेश महतो और उसके बेटे राहुल कुमार (निवासी- गडवट, थाना मनातू) पर गया। जब पुलिस ने राहुल कुमार से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारे राज उगल दिए।
​राहुल ने पुलिस को बताया कि मृतक तुलेश्वर महतो ने उसकी मौसी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी रंजिश और गुस्से में मौसी उर्मिला देवी के कहने पर उसने डेढ़ लाख रुपए की सुपारी ली। राहुल ने लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के डौकी गांव निवासी नरेश सिंह और अपने साथ ट्रक चलाने वाले मनिका के ही शंकर यादव से संपर्क किया। पैसों का लेनदेन कर इन शूटरों के जरिए उसके मौसा तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या करवा दी गई।
​गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस षड्यंत्र में शामिल सभी 4 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है:
​उर्मिला देवी (पत्नी- मृतक तुलेश्वर महतो, निवासी- बेदानीखुर्द, तरहसी, पलामू) - साजिशकर्ता पत्नी
​राहुल कुमार (पिता- शैलेश महतो, निवासी- गडवट, मनातू, पलामू)
​शंकर यादव (पिता- यदुनंदन यादव, निवासी- पसांगन, मनिका, लातेहार)
​नरेश सिंह (पिता- मोहन सिंह, निवासी- डौकी, मनिका, लातेहार)
​बरामद सामान
​घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा - 01
​जिंदा गोली - 01
​घटना में प्रयुक्त R15 मोटरसाइकिल - 01
​रेकी के लिए प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल - 01
​सभी अभियुक्तों के इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन
​छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
​इस ब्लाइंड केस का सफल उद्भेदन करने वाली टीम में निम्नलिखित अधिकारी व कर्मी शामिल रहे:
​अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज
​पुलिस निरीक्षक, पाटन अंचल, पलामू
​पु०अ०नि० राजेश रंजन, थाना प्रभारी, तरहसी थाना एवं रिजर्व गार्ड के जवान।