BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दीपावली और छठ से पहले शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे निगम, लापरवाही पर संवेदक का भुगतान रोकने की चेतावनी : महापौर अरुणा शंकर*




छठ घाटों की सफाई और व्यवस्था की निगरानी करेंगी महापौर, उपमहापौर व स्थानीय पार्षद; 5 नवंबर को निगम में होगी समीक्षा बैठक


मेदिनीनगर। दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर अरुणा शंकर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समीक्षा के लिए 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे नगर निगम कार्यालय में विशेष बैठक बुलाई है। इस संबंध में महापौर ने निगम को पत्र लिखकर बैठक में उपमहापौर, सभी वार्ड पार्षदों, निगम के वरीय पदाधिकारियों तथा सफाई का टेंडर लेने वाले संवेदक को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। इसके बाद भी लगातार समाचार पत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर खबरें प्रकाशित हो रही हैं और पार्षदों के माध्यम से भी शिकायतें मिल रही हैं। लाखों रुपये खर्च कर सफाई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके बावजूद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होने के बजाय स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। शहर के चौक-चौराहों और विभिन्न मोहल्लों से कचरा जमा रहने की शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व सामने हैं। समय कम है, इसलिए अब सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 5 नवंबर की बैठक में पूरे निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। संवेदक के कार्यों का आकलन किया जाएगा। यदि काम में लापरवाही पाई गई तो संबंधित संवेदक का भुगतान रोकने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

महापौर ने कहा कि छठ महापर्व की तैयारी कम से कम एक सप्ताह पहले शुरू करनी होती है। इसे देखते हुए बैठक में छठ घाटों की सफाई, पहुंच पथ, रोशनी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। छठ हम सभी का प्रमुख आस्था का पर्व है। श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छठ के दौरान सभी घाटों की निगरानी स्थानीय वार्ड पार्षदों, उपमहापौर और स्वयं महापौर द्वारा की जाएगी। सभी जनप्रतिनिधि घाटों की व्यवस्था का जायजा लेंगे, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। महापौर ने निगम के अधिकारियों और सफाई एजेंसी को पर्व से पहले शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में गंभीरता से काम करने की हिदायत दी है।